जूही चावला से सात साल चला आमिर ख़ान का झगड़ा
भारत में सेलिब्रिटी शादियाँ और उनके शादी में ख़र्चे अक्सर चर्चा का विषय बनते है. पिछले साल ईशा अंबानी, दीपिका- रणवीर, प्रियंका-निक और सोनम ने बड़े शानदार तरीक़े से शादियाँ रचाई वही आमिर ने बताया की उनकी पहली शादी का ख़र्चा मात्रा 10 रुपए से भी कम रहा था. बीबीसी से रूबरू हुए आमिर ने बताया उनकी पहली शादी रीना दत्ता से 1986 में गुप्त रूप से हुई थी. वो कहते हैं, "रीना के साथ मेरी शादी काफ़ी किफ़ायती रही. मैंने घर से बांद्रा स्टेशन के लिए 211 की बस पकड़ी जिसमें मुझे 50 पैसे लगे. बांद्रा वेस्ट में बस से उतरकर मैं बांद्रा ईस्ट में पुल पार कर हाईवे की तरफ पैदल ही निकल गया. हाईवे पार कर गृह निर्माण घर आता है जहाँ शादी रजिस्ट्रार होता था वहीं तीन गवाहों के सामने शादी रचाई. 10 रूपए के अंदर मेरी शादी हो गई" इस गुप्त शादी का आमिर ख़ान के माता पिता को भी इल्म नहीं था. कारण पूछने पर आमिर ने कहा कि उनकी बायोपिक में खुलासा होगा कि क्यों उनके माता पिता को इस गुप्त शादी के बारे में कुछ नहीं बताया गया. अपनी बायोपिक में वो अपने बड़े बेटे जुनैद खान को उनका क़िरदार करता देखना चाहेंगे. ...